सक्ती, 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़ शासन, समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के आवागमन एवं दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इसी क्रम में श्री इंद्रजीत भैना उम्र 60 वर्ष वार्ड क्रमांक 01, नगर पंचायत नया बाराद्वार के निवासी हैं। वे दोनों पैरों से 55 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें आने-जाने और दैनिक कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। छत्तीसगढ़ शासन की निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना के अंतर्गत जिला कार्यालय समाज कल्याण, सक्ती द्वारा श्री इंद्रजीत भैना को बैशाखी एवं ट्रायसायकल प्रदान की गई। सहायक उपकरण मिलने से उनका आवागमन सुगम हुआ है और रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिली है। इससे उनमें आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का नया विश्वास जागा है। श्री इंद्रजीत भैना कहते हैं कि बैशाखी और ट्रायसायकल मिलने से मेरी आने-जाने की परेशानी काफी कम हो गई है। अब मैं अपने रोजमर्रा के काम आसानी से कर सकूंगा। शासन से मिले इस सहायक उपकरण ने मुझे आत्मनिर्भर बनने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर जीवन यापन करने का नया हौसला दिया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आभार व्यक्त किया।
0 Comments