Home छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा देश विदेश खेल राजनीति अन्य
ताज़ा खबर
  • ► खबरें लोड हो रही हैं...

मोटराईज्ड ट्रायसायकल से आसान हुई सतीश कुमार की राह, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

   सक्ती, 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़ शासन, समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि उन्हें आवागमन सहित रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिल सके और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें। श्री सतीश कुमार केंवट उम्र 32 वर्ष, वार्ड क्रमांक 10, नगर पालिका सक्ती के निवासी हैं। वे दोनों पैरों से 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें दैनिक जीवन में अनेक कठिनाइयों और संघर्षों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से इधर-उधर आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी होती थी। आवागमन की कठिनाई के कारण उनके लिए रोजमर्रा के कार्यों को सुगमता से करना भी चुनौतीपूर्ण था। श्री सतीश कुमार केंवट की कठिनाइयों को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन, समाज कल्याण विभाग की निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय योजना के अंतर्गत जिला कार्यालय समाज कल्याण, सक्ती द्वारा उन्हें मोटराईज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई।
          मोटराईज्ड ट्रायसायकल मिलने के बाद श्री सतीश कुमार केंवट के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में पहले की अपेक्षा काफी आसानी हो गई है। उनके रोजमर्रा के कार्य भी सुगम हुए हैं। इस सहायक उपकरण ने उनके लिए आवागमन की राह आसान करने के साथ ही आत्मनिर्भर बनने की नई उम्मीद जगाई है। अब वे स्व-रोजगार की दिशा में आगे बढ़कर आत्मनिर्भरता के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़कर जीवन यापन करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। श्री सतीश कुमार केंवट कहते हैं कि मोटराईज्ड ट्रायसायकल मिलने से मेरी जिंदगी काफी आसान हो गई है। पहले मुझे इधर-उधर आने-जाने में बहुत कठिनाई होती थी, लेकिन अब मैं आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक जा सकता हूं। रोजमर्रा के कार्यों को करने में भी सुविधा हो गई है। शासन द्वारा मुझे यह सहायक उपकरण प्रदान किए जाने से मेरे चेहरे पर खुशी आई है और मेरे मन में आत्मनिर्भर बनने का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments