सक्ती, जिला प्रशासन सक्ती द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘दान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज में सहयोग, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के तहत नागरिकों से उपयोगी वस्तुओं का दान कर जरूरतमंद बच्चों, अनाथालयों, वृद्धजनों, महिलाओं एवं सामुदायिक संस्थाओं की सहायता करने की अपील की गई है। 5 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु शिविर का आयोजन सेजेस स्कूल, मालखरौदा में किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री जैसे कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स, स्कूल बैग आदि दान किए जा सकते हैं। इसी प्रकार जरूरतमंद बच्चों के लिए खेल सामग्री में क्रिकेट एवं बैडमिंटन किट, फुटबॉल, गोला, तवा, जेवलिन, वॉलीबॉल आदि सामग्री का सहयोग किया जा सकता है। इसके अलावा जरूरतमंदों के लिए कपड़े, जूते, चप्पल, शाल, कंबल आदि उपयोगी वस्तुओं का दान किया जा सकता है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए ई-वेस्ट एवं उपयोगी घरेलू सामान जैसे पुराने मोबाइल, मिक्सर ग्राइंडर, टीवी, फ्रिज, बैटरी आदि सामग्री भी दान की जा सकती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपयोगी वस्तुओं का सहयोग कर इस सेवा अभियान का हिस्सा बनें। आपका छोटा सा योगदान किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। सामूहिक सहयोग से जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने और एक बेहतर एवं संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
0 Comments