सक्ती, 30 सितंबर 2026/ जिले में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सक्ती द्वारा आम नागरिकों से अंगदान, नेत्रदान, वस्त्रदान, अन्नदान एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यों में सहभागिता करने की अपील की गई है। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करने तथा समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न शिविर स्थलों पर निर्धारित तिथियों में आम नागरिकों की सहभागिता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 01 अक्टूबर 2026 को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सक्ती, 03 अक्टूबर 2026 को शासकीय हाईस्कूल कचंदा, जैजैपुर, 04 अक्टूबर 2026 को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मालखरौदा एवं 05 अक्टूबर 2026 को शासकीय हाईस्कूल सपोस, डभरा, जिला सक्ती में शिविर आयोजित होगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी शिविर स्थल पर उपस्थित होकर जनसेवा एवं समाजहित के कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इच्छुक नागरिक अपनी क्षमता एवं इच्छानुसार वस्त्रदान एवं अन्नदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता कर सकते हैं। वहीं, अंगदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए इच्छुक व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी सहमति एवं पंजीयन संबंधी जानकारी जिला चिकित्सालय सक्ती में प्राप्त कर अंगदान, नेत्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दान केवल वस्तुओं का नहीं, बल्कि संवेदना, सहयोग और मानवता का भी प्रतीक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी पहल जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। अतः सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे इस जनहितकारी पहल में सक्रिय सहभागिता निभाएं और सेवा एवं सहयोग की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
0 Comments