Home छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा देश विदेश खेल राजनीति अन्य
ताज़ा खबर
  • ► खबरें लोड हो रही हैं...

सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की

*सक्षम ऋण योजना ने महेश्वरी को बनाया आत्मनिर्भर, फोटोकॉपी व्यवसाय से संवार रही परिवार का भविष्य*

          सक्ती, 20 सितम्बर 2026// सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आ रहे बदलाव की कहानियां सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है जैजैपुर विकासखंड के ग्राम खम्हरिया निवासी सुश्री महेश्वरी साहू की है। जिन्होंने सक्षम ऋण योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
         साधारण परिवार से संबंध रखने वाली सुश्री महेश्वरी साहू आर्थिक रूप से अपने परिवार को मजबूत बनाने और स्वयं का रोजगार स्थापित करने की इच्छा रखती थीं। सीमित संसाधनों के कारण व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक पूंजी जुटाना उनके लिए आसान नहीं था। इसी दौरान उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सक्षम ऋण योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने फोटोकॉपी मशीन खरीदकर अपना व्यवसाय शुरू किया।
आज उनका यह छोटा सा प्रयास आय का स्थायी स्रोत बन चुका है। व्यवसाय शुरू होने के बाद उनकी नियमित आमदनी में वृद्धि हुई है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक सुधार आया है। साथ ही वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं।
श्रीमती महेश्वरी बताती हैं कि सक्षम ऋण योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है। उनका कहना है कि यदि महिलाओं को सही मार्गदर्शन, अवसर और सहयोग मिले तो वे अपनी मेहनत और हुनर के बल पर स्वयं का रोजगार स्थापित कर परिवार तथा समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
सक्षम ऋण योजना का यह उदाहरण दर्शाता है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के सपनों को साकार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Post a Comment

0 Comments