सक्ती 29 सितम्बर 2026 // सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य विभाग द्वारा विकासखंड डभरा अंतर्गत जनपद पंचायत डभरा सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिविर के दौरान ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, मोबाइल सीडिंग, फिंगरप्रिंट सत्यापन नहीं होने की स्थिति में नामिनी के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की व्यवस्था, ओटीपी के माध्यम से खाद्यान्न वितरण तथा वन नेशन-वन राशन कार्ड (ONORC) सहित सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY), राशन कार्डवार खाद्यान्न की पात्रता एवं वितरण व्यवस्था, नवीन राशन कार्ड निर्माण की ऑनलाइन प्रक्रिया तथा खाद्यान्न प्राप्त करने की पात्रता के संबंध में भी नागरिकों को अवगत कराया गया। शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राज्य खाद्य आयोग, कॉल सेंटर, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित शिकायत एवं समाधान से संबंधित विभिन्न माध्यमों की जानकारी भी प्रदान की गई। नागरिकों को बताया गया कि वे राशन एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के लिए निर्धारित माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। इस अवसर पर सेवा सेतु योजना की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों, उचित मूल्य दुकान संचालकों एवं नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। शिविर में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष, जनपद सदस्यगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, उचित मूल्य दुकान संचालक एवं विभिन्न गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। उपस्थितजनों ने शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। शिविर के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, डिजिटल सुविधाओं एवं हितग्राही-केंद्रित सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
0 Comments